अजय गणपति के नेतृत्व में दिखा अनुशासन का दमखम, पुलिस लाइन रुद्रपुर में साप्ताहिक परेड का सख्त निरीक्षण।

खबरें शेयर करें -

अजय गणपति के नेतृत्व में दिखा अनुशासन का दमखम, पुलिस लाइन रुद्रपुर में साप्ताहिक परेड का सख्त निरीक्षण।

रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त और अनुशासित कार्यशैली की स्पष्ट झलक दिखा दी। उनके निर्देशन में पुलिस लाइन रुद्रपुर में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया, जो पदभार ग्रहण करने के बाद उनकी पहली औपचारिक परेड रही।

परेड के दौरान जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी (SO/SHO), फायर सर्विस के अधिकारी एवं विभिन्न शाखाओं के पुलिसकर्मी पूर्ण वर्दी और अनुशासन के साथ मौजूद रहे। एसएसपी ने टोलीवार परेड का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए पुलिस बल की दक्षता, टर्न-आउट, फिटनेस और अनुशासन का बारीकी से अवलोकन किया। विभिन्न टोलियों के बीच तालमेल और समन्वय को परखने के लिए ड्रिल करवाई गई, जिससे जवानों की तैयारी और अनुशासन का स्तर स्पष्ट दिखाई दिया।

परेड के उपरांत एसएसपी द्वारा पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने भोजनालय में जाकर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति को परखा तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गार्द रजिस्टर, आदेश कक्ष और विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का विधिवत मिलान कर रिकॉर्ड व्यवस्था की समीक्षा की गई।

गार्द कमांडरों को मुल्जिम कमान ड्यूटी और सुरक्षा ड्यूटी के संबंध में कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अनुशासन, फिटनेस और तत्परता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रहने, समयपालन का पालन करने और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

नई कमान के साथ जनपद पुलिस में कार्यसंस्कृति को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है।

Mahendra Pal