वन माफियाओं पर शिकंजा: अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी दलजीत उर्फ डल्लू गिरफ्तार।

खबरें शेयर करें -

वन माफियाओं पर शिकंजा: अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी दलजीत उर्फ डल्लू गिरफ्तार।


रुद्रपुर -ऊधमसिंहनगर में वन माफियाओं के हौसले उस वक्त बेनकाब हो गए जब जंगल में अवैध कटान रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी गई। लेकिन पुलिस की तत्परता ने इस दुस्साहस का करारा जवाब दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में कोतवाली बाजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद अभियुक्त दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 14 फरवरी 2026 की देर रात की है। बरहनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी को सूचना मिली कि दलजीत सिंह अपने साथियों के साथ जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटान के इरादे से गया है और उनके पास असलहे भी हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें सतर्क हो गईं और जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई।

प्रातः लगभग 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिलें दिखाई दीं जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। जब टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो अफरा-तफरी मच गई। मोटरसाइकिल सवार असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान दलजीत सिंह उर्फ डल्लू और उसके साथियों ने वन विभाग की टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस फायरिंग से जंगल क्षेत्र में दहशत फैल गई, हालांकि वन कर्मियों ने सूझबूझ से अपनी जान बचाई।

घटना के संबंध में कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 40/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 191(2), 191(3) और 221 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सघन तलाश शुरू की गई।

लगातार सुरागरसी और संभावित ठिकानों पर दबिश के बाद 18 फरवरी 2026 की देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को बरहनी क्षेत्र से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना में प्रयुक्त 12 बोर की बंदूक जंगल में छिपा दी थी। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट रोड के पास झाड़ियों से एक 12 बोर बंदूक बरामद की गई, जिससे वन विभाग की टीम पर फायरिंग की गई थी।

गिरफ्तार अभियुक्त दलजीत सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी हरसान बरहेनी, बाजपुर को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है और अवैध कटान से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि जंगलों की लूट और सरकारी टीमों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बाजपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने वन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।