

अर्जुन अवॉर्ड विजेता मनोज सरकार सड़क हादसे में घायल, नीलगाय से टकराई कार – आईसीयू में भर्ती।


रुद्रपुर। देश के नामी पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी और अर्जुन अवॉर्ड विजेता मनोज सरकार सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वह रुद्रपुर लौट रहे थे, तभी संडीला गांव के पास उनकी कार अचानक सामने आई नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मनोज सरकार को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन अगले 24 घंटे अहम माने जा रहे हैं।
कार में उनके साथ मौजूद खिलाड़ी मनदीप कौर भी इस हादसे में घायल हुई हैं। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें अपेक्षाकृत कम चोटें आई हैं, फिर भी चिकित्सक एहतियात के तौर पर निगरानी में रखे हुए हैं।
हादसे की खबर मिलते ही खेल जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को हटवाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मनोज सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को कई पदक दिलाए हैं और अपने संघर्ष व उपलब्धियों से लाखों युवाओं को प्रेरित किया है। ऐसे में यह हादसा खेल जगत के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है। सभी की निगाहें अब उनके स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हुई हैं।
