

*पंडित राम सुमेर शुक्ल पुण्यतिथि कार्यक्रम में भोजन की मची लूट, व्यवस्था की पोल खुली*


रुद्रपुर में पंडित राम सुमेर शुक्ल की पुण्यतिथि पर आयोजित स्मृति सम्मान समारोह में व्यवस्था की पोल खुल गई। कार्यक्रम समाप्त होते ही भोजन वितरण पूरी तरह अराजकता में बदल गया। छोटा हाथी वाहन में लाए गए भोजन के पैकेटों पर लोगों का ऐसा हुजूम टूट पड़ा कि अफरा-तफरी मच गई। लोग वाहन पर चढ़ गए और ऊपर से ही अपने परिचितों को पैकेट उछालकर देने लगे। वाहन को चारों ओर से घेरकर पैकेट छीनने की होड़ मच गई, जबकि पुलिस कर्मी तमाशा देखते रहे।
काफी देर तक यह अव्यवस्था जारी रही और कोई भी अधिकारी या आयोजक स्थिति संभालने आगे नहीं आया। कार्यक्रम में शालीनता और प्रबंधन की जिस उम्मीद के साथ लोग पहुंचे थे, वह अराजक दृश्यों के बीच ध्वस्त हो गई। इस पूरे प्रकरण का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे आयोजन व्यवस्था पर सवाल और तीखे हो गए हैं।
