

अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग, दो कर्मचारियों की मौत


हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक अमेजन डिलीवरी स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे, जबकि शटर बाहर से बंद था। आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे स्टोर से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। पास में स्थित एक अन्य गोदाम के कर्मचारियों ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन शटर बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
दमकल कर्मियों ने कटर मशीन की सहायता से शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्टोर में रखा सामान, वाहन और अन्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है। आग बुझने के बाद दोनों के शव स्टोर के अंदर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत धुएं से दम घुटने और आग की चपेट में आने के कारण मानी जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या चार्जिंग पर लगी स्कूटी की बैटरी से आग भड़कने की जताई जा रही है। इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य के पार्सल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक स्कूटी और एक मालवाहक टेम्पो भी जलकर नष्ट हो गए।
पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं। वहीं, इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।
