

भूरारानी में 7 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई


रुद्रपुर। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भूरारानी क्षेत्र में लगभग 7 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन के निर्देशों के अनुपालन में की गई।
प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार वाद संख्या-75 वर्ष 2024 के अंतर्गत श्री पदम सिंह, गिरीश जोशी, राजेन्द्र सिंह कनवाल और इन्द्र सिंह कनवाल द्वारा बिना स्वीकृति के लगभग 7 एकड़ भूमि पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मामले में पूर्व में ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, पुलिस बल तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से मौके पर किए गए अवैध निर्माण और विकास कार्यों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्राधिकरण ने आम जनता से भूखंड खरीदने से पहले विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल महायोजना के आवासीय क्षेत्र में स्थित और प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनियों में ही भूखंड खरीदें। साथ ही भूखंड का भू-उपयोग, स्वीकृत नक्शा और कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य करें।
प्राधिकरण ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार के संदेह की स्थिति में खरीदार जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी विवादों से बचा जा सके।
