

रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: करोड़ों के बाजार भाव की 2.187 किलो अफीम के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को साकार करने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलो 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की देर रात चौकी बगवाड़ा प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल अपनी टीम के साथ हाजी चौकी से बगवाड़ा रोड स्थित रामनगर शिव मंदिर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एसओजी रुद्रपुर की टीम भी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल (यूके06 बीएम 9703) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद दोनों युवक बैग लेकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झनकार सिंह (28 वर्ष) पुत्र रामचंद्र, निवासी ग्राम बिशनपुर गुलड़िया, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) तथा आकाश वर्मा (23 वर्ष) पुत्र दोताराम वर्मा, निवासी ग्राम कुरैया, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान झनकार सिंह के बैग से 1 किलो 79 ग्राम तथा आकाश वर्मा के बैग से 1 किलो 108 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कुल मिलाकर पुलिस ने 2 किलो 187 ग्राम अफीम बरामद की। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद भी कब्जे में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे यह अफीम मुजफ्फर अंसारी निवासी मुजफ्फरनगर से लेकर आए थे और इसे आगे सप्लाई करने जा रहे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और किन-किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0-369/2026 के तहत धारा 8/18/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नरेश पंत कर रहे हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत किया जा सके।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी बगवाड़ा उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक मोहन चंद्र जोशी, कांस्टेबल ललित मोहन, कांस्टेबल नवीन गिरी तथा एसओजी रुद्रपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।



