

कोसी किनारे अवैध शराब के अड्डे पर आबकारी विभाग का छापा, 350 लीटर कच्ची शराब बरामद



काशीपुर। ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी नदी किनारे संचालित अवैध अड्डे पर छापेमारी की। विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार माननीय आबकारी आयुक्त महोदया के निर्देश पर अपराध निरोध क्षेत्र-03 काशीपुर की टीम ने संदिग्ध ग्राम मुकुन्दपुर में कोसी नदी के किनारे स्थित बस्ती में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय जगतार सिंह को अवैध कच्ची शराब की पैकेजिंग और बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से लगभग 350 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक दिवाकर चौधरी ने किया। अभियान में क्षेत्र-03 काशीपुर का समस्त आबकारी स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

