

दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत फैलाने वाले गिरफ्तार, एक नाबालिग भी हिरासत में।


रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के दिशा-निर्देशन में ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को आजाद नगर निवासी अजय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके 16 वर्षीय भाई हेमंत का सुबह करीब 10:30 बजे गली के कुछ लड़कों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हेमंत के साथ मारपीट की। जान बचाकर घर पहुंचे हेमंत का पीछा करते हुए आरोपी कुछ देर बाद घर के बाहर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी करने लगे।
आरोप है कि आरोपी जबरन घर में घुस गए और हेमंत व उसके भाई राजेश के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान राजेश पर तमंचे से फायर कर दिया गया, जिससे उसके हाथ और गले में छर्रे लग गए। हेमंत को भी चोटें आई हैं।
इस मामले में ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा संख्या 121/2026 धारा 109/333/191(2)/191(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 25 अप्रैल को दो आरोपियों—आशिष कुमार (21 वर्ष) और वंशू पाल (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गंगापुर रोड पंचवटी के पास से पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
👮♂️ कार्रवाई करने वाली टीम:
उपनिरीक्षक पंकज सिंह महर, अपर उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश बवाड़ी और हेड कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।
