

हर घर तिरंगा अभियान में एसबीएस कॉलेज से निकली भव्य तिरंगा रैली, वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा परिसर
रुद्रपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रोवर्स-रेंजर्स के तत्वावधान में वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बसुन्धरा उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस रैली में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली में रोवर्स-रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना, बीएड, बीबीए सहित महाविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। देशभक्ति के नारों के बीच विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जनप्रतिनिधियों और महाविद्यालय प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
रैली में प्रो. दीपा वर्मा, डॉ. बिपिन चंद्र जोशी, डॉ. रविंद्र, डॉ. मुन्नी जोशी, कमलकांत, डॉ. अश्वनी, डॉ. प्रदीप, डॉ. रिछारिया, डॉ. सिद्ध, डॉ. अनिल और डॉ. नवीन सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं में अभिषेक दास गुप्ता, कमल जोशी, शिवम यादव, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, रोहित भट्ट, अभिषेक दास, कमलेश चौधरी, प्रांजल सुयाल, अभिषेक कोली, गणेश भट्ट, प्रकाश दास, प्रथम मालवीय और अनुभव सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। सामूहिक गान के साथ राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय डॉ. बसुन्धरा उपाध्याय द्वारा किया गया।




