

भूरा मलिक के दत्तक पुत्र साजिब पर लोन के नाम पर ठगी का आरोप, पैसे मांगने पहुंचे विनोद पुत्र राम स्वरूप से मारपीट कर 13,500 रुपये छीनने की शिकायत
पुलभट्टा/किच्छा। ग्राम मुंडिया नसीर, तहसील बहेड़ी जनपद बरेली निवासी विनोद पुत्र राम स्वरूप ने थाना पुलभट्टा में तहरीर देकर सिरौली कला निवासी भूरा मलिक के दत्तक पुत्र साजिब तथा उसके परिजनों पर धोखाधड़ी, मारपीट, नगदी छीनने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित विनोद पुत्र राम स्वरूप के अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व साजिब ने उसे लोन दिलाने का भरोसा देकर 14,690 रुपये नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से लिए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो उसका लोन कराया गया और न ही उसके पैसे वापस किए गए। विनोद का कहना है कि वह लगातार अपनी रकम वापस मांगता रहा और कई बार आरोपी के घर भी गया, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया।
विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जून 2025 की सुबह करीब 7:30 बजे वह किच्छा मंडी में सब्जी बेचने के बाद एक बार फिर अपनी रकम लेने के लिए साजिब के घर पहुंचा। उस समय साजिब घर पर मौजूद नहीं था, जबकि उसके भाई सारिक पुत्र सोहेल और आरिफ पुत्र सोहेल वहां मौजूद थे।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम के संबंध में बात की तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। विनोद का कहना है कि इसी दौरान उसकी जेब में रखे 13,500 रुपये भी छीन लिए गए और उसे वहां से भगा दिया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दोबारा वहां आने या उनके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। विनोद का कहना है कि बाद में जब उसने साजिब को फोन किया तो उसने भी विभिन्न प्रकार की धमकियां दीं।
पीड़ित ने पुलिस से साजिब, सारिक और आरिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। विनोद का कहना है कि आरोपियों की धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान है और उसे भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। फिलहाल पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।



