जमीन-मकान बेचकर फरार हुआ बरेली का महाठग कन्हैया गुलाटी, पुलिस अब भी बगलें झांकती नजर आई।

खबरें शेयर करें -

जमीन-मकान बेचकर फरार हुआ बरेली का महाठग कन्हैया गुलाटी, पुलिस अब भी बगलें झांकती नजर आई


यूपी बरेली।

कैनविज कंपनी के सरगना और करोड़ों की ठगी के आरोपी महाठग कन्हैया गुलाटी को पकड़ने में बरेली पुलिस पूरी तरह नाकाम दिखाई दे रही है। हालात ऐसे हैं कि पुलिस की कार्रवाई सिर्फ एफआईआर दर्ज करने तक सीमित होकर रह गई है, जबकि ठगे गए लोग अपने पैसों की वापसी की आस लगाए बैठे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जमीन, मकान और दुकानें बेचकर कन्हैया गुलाटी पहले ही फरार हो चुका है। समय रहते सख़्त कार्रवाई न होने के कारण उसे देश छोड़ने तक का मौका मिल गया। जब तक लुक-आउट नोटिस जारी हुआ, तब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हो चुका था।

कन्हैया गुलाटी की पत्नी राधिका गुलाटी, बेटा कृष्णा गुलाटी, साला और परिवार के अन्य सदस्य भी पूरी तरह भूमिगत हैं। पुलिस अब तक उसके परिवार के एक भी सदस्य को ट्रेस नहीं कर सकी है। कुछ समय के लिए उसकी मां दुकान पर देखी गई थीं, लेकिन बाद में वह भी गायब हो गईं।

दिलचस्प बात यह है कि कन्हैया गुलाटी का ऑनलाइन मीटिंग का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे एक अहम सुराग माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की सुस्त कार्यशैली के चलते इस दिशा में भी कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी।

बताया जा रहा है कि करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी के बाद हजारों पीड़ित अब भी इंतज़ार कर रहे हैं कि कब पुलिस इस महाठग तक पहुंचेगी। मौजूदा हालात में बरेली पुलिस के लिए कन्हैया गुलाटी को पकड़ना सबसे बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।