

चुनौती के बाद आधी रात को हमला” — शादी में गया परिवार, दुश्मनों ने पेट्रोल डालकर घर जला दिया, सब कुछ खाक!


बहेड़ी (बरेली)। एक सनसनीखेज घटना में शादी समारोह में गए परिवार के घर को निशाना बनाते हुए दबंगों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया और पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ग्वारी निवासी महेंद्र पाल अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए 30 अप्रैल 2026 को परिवार सहित किंग रिसॉर्ट बहेड़ी गए हुए थे। घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित का आरोप है कि अरुण कुमार निवासी ग्राम बरा (थाना पुल भट्टा, उधम सिंह नगर) ने अपने साथियों भरत, राजू और शंकर लाल (निवासी ग्राम ग्वारी, थाना बहेड़ी) के साथ मिलकर पहले मोबाइल पर धमकी दी कि “आज बड़ी घटना करेंगे, रोक सको तो रोक लो”। इसके बाद 30 अप्रैल की रात करीब 12 बजे आरोपियों ने घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
इस आगजनी में घर का सारा सामान—कपड़े, चारपाई, दरवाजे-खिड़कियां, करीब 8 कुंतल लाही, 10 कुंतल गेहूं, 5 कुंतल धान—जलकर खाक हो गया। इतना ही नहीं, घर में खड़ी दो मोटरसाइकिलें (प्लैटिना) भी आग की भेंट चढ़ गईं।
घटना की सूचना दामोदर पुत्र नेतराम ने पीड़ित को दी, जिसके बाद मामला सामने आया। पीड़ित ने कोतवाली बहेड़ी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
