

6 मौतों से रुद्रपुर में पसरा मातम, पोस्टमार्टम हाउस में गूंजे परिजनों के चीत्कार — सुशील गाबा ने बंधाया ढांढस।


रुद्रपुर, 26 मार्च 2026
रुद्रपुर में एक ही दिन में 6 लोगों की मौत से शहर में गम का माहौल छा गया। पोस्टमार्टम हाउस में एक साथ छह शव पहुंचने से माहौल बेहद भावुक और दर्दनाक हो गया, जहां परिजनों के चीत्कार और विलाप से हर किसी की आंखें नम हो गईं।
इन दुखद घटनाओं की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुशील गाबा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और सभी मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन राठौर (पुत्र रामानंद) बीती रात वेंडिंग जोन से अपने घर शिवनगर वार्ड-7 लौट रहे थे। इसी दौरान सब्जी मंडी के पास उनका वाहन अचानक असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि परिजनों ने इस घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, आकाश तिवारी (पुत्र सत्येंद्र कुमार) का शव सिडकुल ढाल पर संदिग्ध अवस्था में मिला। शव पर चोट के निशान पाए जाने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले के खुलासे की मांग की है।
अन्य घटनाओं में ग्राम छतरपुर निवासी परमानंद, तहसील मिलक (रामपुर) निवासी फैजान (पुत्र इसरार), जिनकी एक होटल में काम के दौरान छत से गिरने से मौत हो गई, जगतपुरा निवासी मोहन सिंह (पुत्र शंकर सिंह) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की भी अलग-अलग हादसों में जान चली गई।
समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की हादसों और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि एक युवा की मौत पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ देती है और उसका दर्द जीवनभर बना रहता है।
उन्होंने युवाओं से सही संगति अपनाने की अपील करते हुए प्रशासन से भी दुर्घटनाओं और अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की, ताकि समाज में कानून का प्रभाव मजबूत हो सके।
