

खटीमा के सराफ पब्लिक स्कूल पर गंभीर आरोप


एडवांस फीस न देने पर छात्र को प्रैक्टिकल से रोके जाने का मामला
खटीमा।
खटीमा के प्रतिष्ठित सराफ पब्लिक स्कूल पर एडवांस फीस जमा न करने के दबाव में छात्र को प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल न होने देने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित अभिभावकों एवं पूर्व छात्र संघ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अभिभावक का आरोप है कि स्कूल के शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ द्वारा फोन कर यह स्पष्ट कहा गया कि यदि मार्च माह तक की एडवांस फीस जमा नहीं की गई, तो छात्र को प्रैक्टिकल परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। अभिभावक का कहना है कि वह फरवरी माह तक की फीस पहले ही जमा कर चुका है, इसके बावजूद छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप कुशवाह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य को कार्यालय में तलब किया और आक्रोशित अभिभावकों की मौजूदगी में पूरे प्रकरण की जांच शुरू कराई। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और छात्रों के उत्पीड़न को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं आक्रोशित अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि एडवांस फीस के नाम पर छात्रों के उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
दूसरी ओर, सराफ पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य ने खंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से भी मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे और अभिभावकों की शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
इस दौरान अभिभावकों एवं पूर्व छात्र संघ पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल में गणेश ठकुराठी, मनोज बाधवा, एडवोकेट नीरज रस्तोगी, एडवोकेट किशोर जोशी, भुवन जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
