तमंचे के बल पर लूट और बाइक चोरी का खुलासा, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें -

तमंचे के बल पर लूट और बाइक चोरी का खुलासा, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार


रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर तमंचे के बल पर लूट और मोटरसाइकिल चोरी की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए मामले के तीसरे व अंतिम वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूटे गए जेवरात और नकदी बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुलभट्टा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में इस मामले का खुलासा किया गया।

पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में पहले ही दो अभियुक्तों को लूट के माल और अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जबकि तीसरा आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

4 जून 2026 को थाना पुलभट्टा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी शकील मियां पुत्र हसीन मियां, निवासी ग्राम लोहार नगला, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 32 वर्ष बताई गई है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, लूट में शामिल जेवरात तथा 30 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद तमंचा और कारतूस का उपयोग लूट की घटना में किया गया था।

बरामद सामान में एक जोड़ी कान के रिंग, एक जोड़ी पायल, 30 हजार रुपये नकद और चोरी की गई मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल सभी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जनपद पुलिस अपराधियों, वांछित अभियुक्तों और अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखेगी।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश चन्द्र भट्ट, उपनिरीक्षक धीरज वर्मा, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, हेड कांस्टेबल संजू राम और कांस्टेबल मनोज मेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।