मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का एसडीएम कार्यालय पर धरना

खबरें शेयर करें -

मतदाता सूची में फर्जी आपत्तियों का आरोप, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का एसडीएम कार्यालय पर धरना
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं और फर्जी आपत्तियां लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। इसके बाद उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो वह अनिश्चितकालीन आमरण अनशन करेंगे।
धरने को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों द्वारा सुनियोजित तरीके से वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत वार्डों, मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं, लेकिन सैकड़ों बेबुनियाद आपत्तियां लगाकर उनके कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है। उनका आरोप था कि इन आपत्तियों को अब तक जांच और निस्तारण के लिए संबंधित बीएलओ के पास भी नहीं भेजा गया है।
ठुकराल ने दावा किया कि उनकी माता दर्शना रानी के नाम पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। उन्होंने कहा कि संबंधित आपत्तिकर्ता ने स्वयं उनसे बातचीत में बताया कि उसने कोई आपत्ति दर्ज नहीं की और उसके नाम का दुरुपयोग किया गया है। उनके अनुसार कई आपत्तियों पर हस्ताक्षर तक नहीं हैं, जबकि वर्षों से क्षेत्र में निवास कर रहे लोगों के नाम पर भी आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
पूर्व विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन करेगी और वह स्वयं एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठेंगे।
बाद में एसडीएम द्वारा मामले की जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद राजकुमार ठुकराल ने अपना धरना समाप्त कर दिया।