

हल्दीघेरा में गौशाला का लोकार्पण, 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा, खटीमा में 7.23 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। साथ ही 108.84 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता का संरक्षण हमारी परंपरा ही नहीं, बल्कि कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी भी है। सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश के लिए सुरक्षित आश्रय उपलब्ध होने से जहां गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं किसानों को फसलों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गौ सेवक योजना को पूरे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने हल्दीघेरा स्थित गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा भी की, ताकि अधिक से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 108.84 करोड़ रुपये की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सड़क सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण, हॉटमिक्स रोड, पुल निर्माण, मोटर मार्ग निर्माण, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के आवासीय भवन, गौशाला निर्माण तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं। इनमें राज्य मार्ग-70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग का 13.60 किलोमीटर सड़क उच्चीकरण, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क का फोरलेन चौड़ीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सिसैया, मेलाघाट एवं एसएसबी कैंप क्षेत्र के बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य प्रमुख हैं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने गौशाला निर्माण को निराश्रित गोवंश के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
#खटीमा #हल्दीघेरा #गौशाला #पुष्कर_सिंह_धामी #उत्तराखंड #विकास_कार्य #गौ_संरक्षण #गौसेवा #Uttarakhand #Khatima #Development #@Followers



