

मानसून पर जिला प्रशासन अलर्ट मोड में, ADM कौस्तुभ मिश्र ने दिए सख्त निर्देश; सभी विभाग हाई अलर्ट पर, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आईआरएस प्रणाली के अधिकारी, जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर निगम रुद्रपुर एवं काशीपुर के नगर आयुक्त तथा सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही बिना देरी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए। संचार व्यवस्था हर हाल में सुचारू रखी जाए, बंद पड़े मोटर मार्गों को तत्काल खुलवाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही बाढ़ नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को नालियों एवं कलवर्टों की तत्काल सफाई कर जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने एवं अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को बिना विलंब सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।



