देशी समाज की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री धामी को भेजा ज्ञापन, निःशुल्क नजूल भूमि मालिकाना हक और समान अधिकारों की उठी मांग

### देशी समाज की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री धामी को भेजा ज्ञापन, निःशुल्क नजूल भूमि मालिकाना हक और समान अधिकारों की उठी मांग

दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, विधायक शिव अरोड़ा ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया था मांगों पर प्रयास का आश्वासन

रुद्रपुर। उत्तराखंड में निवास करने वाले देशी समाज की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान को लेकर देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति (रजिस्टर्ड) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 12 सूत्रीय मांगपत्र भेजा है। 21 और 22 नवंबर को रुद्रपुर के टैगोर पार्क में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद 23 नवंबर को जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। समिति ने सरकार से देशी समाज की लंबे समय से लंबित समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका समाधान कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में पर्वतीय समाज के साथ-साथ देशी समाज और अन्य समुदायों के लोगों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया था। राज्य आंदोलन के दौरान लोगों ने प्रताड़नाएं झेलीं और लंबे संघर्ष के बाद अलग उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया। लेकिन राज्य गठन के वर्षों बाद भी विकास और जनसमस्याओं के समाधान की गति अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रही है। समिति का कहना है कि हरिद्वार से ऊधम सिंह नगर तक तथा पर्वतीय जनपदों में निवास करने वाला देशी समाज अपनी विभिन्न बुनियादी समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करता रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

समिति के अनुसार, इसी के विरोध में 21 और 22 नवंबर को टैगोर पार्क में धरना-प्रदर्शन किया गया। 21 नवंबर को रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा धरना स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने देशी समाज की मांगों को उचित बताते हुए आश्वासन दिया था कि उनके स्तर से पूरी होने वाली मांगों को पूरा कराने का प्रयास करेंगे, जबकि शासन और प्रशासन के स्तर की मांगों को लेकर भी सार्थक पैरवी करेंगे।

मुख्यमंत्री को भेजे गए 12 सूत्रीय ज्ञापन में देशी समाज ने नजूल भूमि पर निवास कर रहे लोगों को निःशुल्क मालिकाना हक देने, पर्वतीय, देशी, बंगाली और अन्य समाजों के लिए शिक्षा, चिकित्सा एवं रोजगार के क्षेत्र में समान नीति लागू करने तथा जनसंख्या के आधार पर बिना भेदभाव परिसीमन कराने की मांग उठाई है। इसके साथ ही स्थायी निवास, मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र जारी करने में भेदभाव समाप्त करने तथा जाति प्रमाण पत्र की समय सीमा समाप्त कर एक बार जारी प्रमाण पत्र को जाति परिवर्तन होने तक मान्य रखने की मांग की गई है।

ज्ञापन में रुद्रपुर से सटे बिंदुखत्ता गांव को राजस्व ग्राम घोषित करने, प्रदेश के विभिन्न जनपदों में खाली और नजूल भूमि स्थानीय निर्धन लोगों को आवंटित करने तथा ऊधम सिंह नगर में देशज भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है। समिति का कहना है कि देशज भवन बनने से समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए महंगे बैंक्वेट हॉल और होटलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, रुद्रपुर के प्रीत विहार में सीलिंग भूमि पर बसे लोगों को वैध मानते हुए उत्पीड़न की कार्रवाई रोकने, देशी समाज को उसकी हिस्सेदारी के अनुरूप सरकारी सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में समिति ने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर व्यक्तिगत रुचि लेकर शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। साथ ही जिन मांगों का समाधान केंद्रीय या उच्च स्तर पर होना है, उनके लिए भी प्रभावी प्रयास करने का अनुरोध किया है।

यह ज्ञापन देशज सर्वोदय सांस्कृतिक समिति के संरक्षक जुगल बल्लभ गोस्वामी एडवोकेट, अध्यक्ष कल्याण सिंह, संरक्षक श्री शिवानंद जी महाराज (दूधिया बाबा), सचिव जेएन तिवारी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य सबाहत हुसैन खान सहित देशज समाज के प्रतिनिधियों की ओर से प्रेषित किया गया।

IMG-20261111-WA0006.jpg

IMG-20261111-WA0003.jpg

IMG-20261111-WA0005.jpg

IMG-20261111-WA0004.jpg

IMG-20261111-WA0002.jpg

IMG-20261108-WA0019.jpg

IMG-20261108-WA0020.jpg

Advertisement