ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: ऊधम सिंह नगर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 वारंटी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें -

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: ऊधम सिंह नगर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 10 वारंटी गिरफ्तार


रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस ने अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखा है। सोमवार को काशीपुर, रुद्रपुर और गदरपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी थे।

पुलिस के अनुसार लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे वारंटियों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

काशीपुर कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें मंगल सिंह उर्फ मंग्गी, शिव कुमार, बुटा सिंह, गुरमीत सिंह और बाबू शामिल हैं। इन पर मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम और एनआई एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।

वहीं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गुरमीत सिंह, अमरीक सिंह, मंजीत कौर और अमित पात्रो शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इन पर डीपी एक्ट और मारपीट, गाली-गलौज तथा धमकी से जुड़े मामलों में वारंट जारी थे।

उधर गदरपुर पुलिस ने भी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दया सिंह निवासी दलपुरा गूलरभोज को एनआई एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी सख्ती और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।