नवनीश नेगी को धमकी पर बार काउंसिल सदस्य अमनदीप कौर का कड़ा विरोध, बोलीं- आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा जरूरी

नवनीश नेगी को धमकी पर बार काउंसिल सदस्य अमनदीप कौर का कड़ा विरोध, बोलीं- आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा जरूरी
रुद्रपुर, 17 सितंबर। अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिए जाने के मामले में उत्तराखंड बार काउंसिल की सदस्य एवं ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन फॉर जस्टिस (AILAJ) की सदस्य अधिवक्ता अमनदीप कौर ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने धमकी देने वाले की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी करने के साथ ही अधिवक्ता नवनीश नेगी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अमनदीप कौर ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, कोटद्वार के दीपक कुमार प्रकरण सहित अन्य जनहित के मामलों में पैरवी कर रहे अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिया जाना गंभीर और चिंताजनक विषय है। AILAJ इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करता है और नवनीश नेगी के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि नवनीश नेगी संवेदनशील, अध्ययनशील और न्याय के लिए प्रतिबद्ध अधिवक्ता हैं। किसी अधिवक्ता को धमकी देकर उसकी कानूनी पैरवी को प्रभावित करने का प्रयास न्याय की प्रक्रिया के लिए भी गंभीर चुनौती है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
अमनदीप कौर ने कहा कि धमकी देने वाले ने कथित तौर पर अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया और ऐसी भाषाओं का इस्तेमाल किया, जिन्हें आम व्यक्ति के लिए आसानी से पढ़ना संभव नहीं है। इसलिए मामले के सभी पहलुओं की जांच कर धमकी के स्रोत और इसके पीछे की वास्तविकता सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को बिना भय और दबाव के न्यायालय में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने सरकार से उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग करते हुए कहा कि कई राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए कानून लागू हैं। उत्तराखंड में भी इसी विधानसभा सत्र में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जाना चाहिए।
अमनदीप कौर ने कहा कि अधिवक्ता की सुरक्षा केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था में आम नागरिक के विश्वास से भी जुड़ा मामला है। उन्होंने नवनीश नेगी को सुरक्षा देने और धमकी प्रकरण में त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
#Rudrapur #Uttarakhand #NavnishNegi #AmandeepKaur #BarCouncil #AILAJ #AdvocateProtectionAct #Lawyers #Justice #UttarakhandNews #LegalNews
@फॉलोवर्स @Followers