सिडकुल जा रहे युवक को बेकाबू डंपर ने कुचला, उपचार के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम

खबरें शेयर करें -

सिडकुल जा रहे युवक को बेकाबू डंपर ने कुचला, उपचार के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम


रुद्रपुर/सितारगंज। सितारगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिडकुल कर्मी की जान चली गई। ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार युवक को एक बेकाबू डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सितारगंज के एक निजी अस्पताल और फिर रुद्रपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश सीमा से सटे भूड महौलिया निवासी 22 वर्षीय विशाल सागर पुत्र सुरेश कुमार सागर सितारगंज स्थित सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था। बुधवार सुबह वह रोज़ की तरह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। जैसे ही वह नया गांव सिसैयां के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर (UP 25 CT 2426) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सितारगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे रुद्रपुर रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवा कर्मी की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।