पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

खबरें शेयर करें -

पिस्टल के दम पर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई


रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त और भयमुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और रिहायशी इलाके में दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने, धमकी देने और पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बनाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक आरोपी पिस्टल फेंककर भाग गया। पुलिस ने मौके से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे।

जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने लगभग एक माह पूर्व आत्महत्या की थी। परिजन पड़ोस में एसी की दुकान चलाने वाले रमन कक्कड़ को इस घटना के लिए जिम्मेदार मान रहे थे, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

घटना वाले दिन रमन कक्कड़, उसके भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथियों ने सन्नी के परिवार के साथ विवाद किया। आरोप है कि उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया। शोर-शराबा होने पर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश जारी रखी।

15 जून को मिली सूचना के आधार पर बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पूरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में रमन कक्कड़ (32 वर्ष) निवासी केसरपुर, रुद्रपुर तथा दीपक कुमार (26 वर्ष) निवासी सकैनिया, गदरपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।