रुद्रपुर में 13–14 जनवरी को भव्य उत्तरायणी महोत्सव शैल सांस्कृतिक समिति की दो दिवसीय आयोजन की तैयारी पूरी लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, चंदोला मेडिकल कॉलेज लगाएगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर

खबरें शेयर करें -

रुद्रपुर में 13–14 जनवरी को भव्य उत्तरायणी महोत्सव

शैल सांस्कृतिक समिति की दो दिवसीय आयोजन की तैयारी पूरी

लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां, चंदोला मेडिकल कॉलेज लगाएगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर

रुद्रपुर।

उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पर्वतीय विरासत को संरक्षित एवं प्रचारित करने के उद्देश्य से शैल सांस्कृतिक समिति (शैल परिषद) द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी उत्तरायणी पर्व (घुघुतिया त्यार) के अवसर पर दो दिवसीय उत्तरायणी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सांस्कृतिक महोत्सव आगामी 13 एवं 14 जनवरी को गंगापुर रोड स्थित शैल भवन में आयोजित होगा। महोत्सव के दौरान चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की ओर से दो दिनों तक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर शैल सांस्कृतिक समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य, दिव्य और स्मरणीय बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तय की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अतिथियों, व्यवस्थाओं और सामाजिक सरोकारों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया।

समिति ने जानकारी दी कि 13 जनवरी को महोत्सव के प्रथम दिन उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक गजेन्द्र राणा अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके साथ लोक गायिका डॉ. कसुम भट्ट, कुमाऊनी कलाकार साक्षी काला, विक्रम रावत, जगदीश भट्ट, राजेन्द्र बिष्ट, सुरू रावत, अक्षय राणा, विमल रावत, पवन रावत, पंकज बणई, शिवम शर्मा सहित अनेक कुमाऊनी एवं गढ़वाली कलाकार लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

14 जनवरी को महोत्सव के दूसरे दिन क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्वतीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। इसके अलावा महोत्सव में कुमाऊनी संस्कृति एवं पारंपरिक व्यंजनों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोग पहाड़ की लोकजीवन शैली और स्वाद से रूबरू हो सकेंगे। पर्वतीय उत्पादों के व्यापारिक स्टॉल स्थानीय कारीगरों और उत्पादकों को प्रोत्साहन देंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और अन्य आकर्षण भी मेले का हिस्सा होंगे।

समिति के संरक्षक एवं चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. के.सी. चंदौला ने बताया कि कॉलेज की ओर से मेले के दौरान दो दिनों तक निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में छह चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक उत्सव के साथ सामाजिक सेवा को जोड़ना समिति की प्राथमिकता है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अजय भट्ट को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक दिनेश बम ने बताया कि विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड आयुष परिषद के अध्यक्ष डॉ. के.सी. चंदौला, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ एवं रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा शामिल होंगे, जबकि महोत्सव की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा करेंगे।

बैठक में गोपाल सिंह पटवाल, डॉ. किशोर चंदौला, सी.बी. घिल्डियाल, दिनेश भट्ट, महेश काण्डपाल, दिवाकर पाण्डेय, उत्तम जंतवाल, ललित मोहन उप्रेती, मोहन चन्द्र उपाध्याय, भरत लाल साह, नरेन्द्र सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह बोरा, लक्ष्मी दत्त भट्ट, त्रिभुवन जोशी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।