होली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, काशीपुर–पंतनगर में छापेमारी, 5 नमूनों की होगी जांच 

खबरें शेयर करें -

होली से पहले खाद्य विभाग की सख्ती, काशीपुर–पंतनगर में छापेमारी, 5 नमूनेकी होगी जांच।


आगामी होली पर्व को देखते हुए सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखण्ड सचिन कुर्वे के निर्देश पर जनमानस को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऊधम सिंह नगर में सघन अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ऊधम सिंह नगर के नेतृत्व में काशीपुर और पंतनगर क्षेत्र में छापेमारी कर कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

टीम ने पंतनगर स्थित एक मिष्ठान भंडार से मावा का एक नमूना, एक फुटकर विक्रेता से भुजिया नमकीन का एक नमूना लिया। वहीं काशीपुर क्षेत्र में डी.एन. मावा प्रतिष्ठान से मावा, टू हेल्थ प्रतिष्ठान से प्रोटीन पाउडर तथा एक अन्य प्रतिष्ठान से अरहर दाल का नमूना संग्रहित किया गया। कुल पांच नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा। रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण, भंडारण व बिक्री करने के निर्देश दिए गए। बिना लाइसेंस/पंजीकरण खाद्य कारोबार करने और एफएसएसएआई एक्ट 2006 के मानकों का उल्लंघन करने पर कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही क्रय बिलों पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित करने और बाहरी राज्यों से केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने के निर्देश दिए गए।

आम जनता से अपील की गई है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि व लाइसेंस विवरण अवश्य जांचें। मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।