तहसील दिवस में पहुंचीं 115 शिकायतें, 47 का मौके पर निस्तारण

खबरें शेयर करें -

तहसील दिवस में पहुंचीं 115 शिकायतें, 47 का मौके पर निस्तारण


 

किच्छा, 02 जून। नगर पालिका परिषद सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

तहसील दिवस में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद, सड़क निर्माण, सीसी मार्ग, सिंचाई, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका एवं गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक लगभग 20 मीटर सड़क निर्माण की मांग रखी, जबकि कमला नगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने 50 फीट लंबे कच्चे रास्ते को पक्का कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर स्थित अपनी कृषि भूमि को कब्जामुक्त कराकर कब्जा दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। वहीं ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग उठाई, जिस पर सिंचाई विभाग को निरीक्षण कर सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

निर्वतमान सभासद लियाकत अली ने वार्ड नंबर-3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन बिछाने, सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई तथा नहर की कवरिंग कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई तथा संबंधित अधिकारियों को नहर की सफाई एवं कवरिंग के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा स्थापित समर्सिबल पंप से जल कनेक्शन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में विधायक तिलक राज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उपजिलाधिकारी गौरव पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।