

सेवा सप्ताह के तहत अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन, विधायक शिव अरोरा ने विजेताओं को किया सम्मानित
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा सप्ताह के अंतर्गत मनोज सरकार स्टेडियम में आयोजित अंडर-15 बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के बालक एकल वर्ग में प्रबल कार्की विजेता तथा मनीष रावत उपविजेता रहे। बालिका एकल वर्ग में एंजल सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सिद्धि उपविजेता रहीं। ओपन बालिका एकल वर्ग में मानसी विजेता और माही रावत उपविजेता बनीं। विधायक ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार सेवा सप्ताह के माध्यम से जनसंपर्क और जनकल्याण के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल विकास, सुशासन और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा है तथा सरकार ने कई महत्वपूर्ण और साहसिक निर्णय लिए हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी जानकी सहित विक्रम, सुदेश, प्रभात, विपिन, रोबिन, सुभाष कुमार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


