*स्वदेशी दीपावली मेले में उमड़ा जनसैलाब, महापौर ने किया स्वदेशी अपनाने का आह्वान*मेले में पहुंचे समाजसेवी पत्रकार कलाकारों सहित सभी का हुआ स्वागत।
रुद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले में आज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि स्वदेशी दीपावली मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्ट्रीट वेंडर योजना और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सौजन्य से नगर निगम रुद्रपुर द्वारा स्थानीय व्यापारियों को सशक्त करने और स्वदेशी भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है।
महापौर ने सभी नगरवासियों से अपील की कि वे इस दीपावली पर स्वदेशी उत्पादों की खरीद कर स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी संस्कृति, परंपरा और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम पंकज उपाध्याय, किच्छा एसडीएम गौरव पांडे, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान एलकेडी डांस स्टूडियो, महिला समूहों और विभिन्न स्थानों से आए कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
*स्वदेशी उत्पादों की बिक्री जारी*
स्वदेशी दीपावली मेला 21 अक्टूबर तक भव्य रूप से जारी रहेगा, जिसमें सैकड़ों छोटे व्यापारी अपनी दुकानों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों की बिक्री कर रहे हैं। नगर निगम रुद्रपुर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुँचें, खरीदारी करें और “स्वदेशी दीपावली – आत्मनिर्भर भारत” का संदेश घर-घर तक पहुँचाएँ।
