

रुद्रपुर में ऐक्टू का नगर सम्मेलन संपन्न, श्रम कानूनों और मजदूरों के मुद्दों पर सरकार को घेरा
रुद्रपुर, 12 जुलाई। ऑल इंडिया सेंटर काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) का नगर सम्मेलन रविवार को रुद्रपुर स्थित आहूजा धर्मशाला में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मजदूरों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, नए लेबर कोड, न्यूनतम वेतन और महिला स्कीम वर्कर्स के अधिकारों सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही संगठन की नई नगर कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए ऐक्टू के राज्य महामंत्री केके बोरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मजदूर वर्ग की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई तेजी से बढ़ रही है, जबकि मजदूरी उसी अनुपात में नहीं बढ़ रही। उनका आरोप था कि पुराने 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार नए लेबर कोड लागू किए जाने से फैक्ट्री मालिकों को लाभ मिला है और कई स्थानों पर मजदूरों से बिना ओवरटाइम भुगतान के 12-12 घंटे तक काम कराया जा रहा है। उन्होंने हाल के मजदूर आंदोलनों को सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का परिणाम बताया।
ऐक्टू के जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि विभिन्न राज्यों में मजदूरी बढ़ाए जाने के फैसले वर्तमान महंगाई के मुकाबले पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट के रेप्टा क्रॉस निर्णय के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में मजदूरों का न्यूनतम मासिक वेतन 42 हजार रुपये होना चाहिए। उन्होंने सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के कथित शोषण का मुद्दा उठाते हुए श्रमिकों से एकजुट होने का आह्वान किया।
जिला सचिव अनीता अन्ना ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता सहित विभिन्न स्कीम वर्कर्स लंबे समय से राज्यकर्मी का दर्जा और न्यूनतम वेतन देने की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय कार्यभार बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इससे महिला स्कीम वर्कर्स में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
सम्मेलन में चारों लेबर कोड वापस लेने, श्रमिक आंदोलनों के दौरान गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई, न्यूनतम मासिक वेतन 42 हजार रुपये निर्धारित करने तथा आशा, आंगनबाड़ी और भोजनमाता सहित महिला स्कीम वर्कर्स को राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।
सम्मेलन के दौरान संगठन की नई नगर कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। हीरा सिंह राठौर को नगर अध्यक्ष, प्रकाश नेगी को नगर सचिव, कमल सिंह को उपाध्यक्ष तथा प्रकाश बोरा को उप सचिव चुना गया। इसके अलावा निरंजन लाल, कमलेश कार्की, वीरेंद्र सिंह, नमिता सरकार, हेमंत भट्ट और पुष्कर खाती को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम में अनीता अन्ना, उत्तम दास, गोपाल दत्त तिवारी, मोहन सिंह, रीता कश्यप, आनंद रावत, संदीप हुड्डा, इन्द्रजीत कुमार, विजय शर्मा, कार्तिक सरकार, नरेश कुमार, धीरज, रंजन विश्वास, पंकज जोशी, केहरी सिंह, जसवंत सिंह, दानवीर सिंह, दूधनाथ भारती, ललित मटियाली, संतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ऐक्टू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



