### राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता: रिंग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पुरुष और महिला वर्ग में कई मुक्केबाज अगले दौर में पहुंचे
रुद्रपुर। शिवालिक खेल परिषद में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न भार वर्गों में हुए मुकाबलों में मुक्केबाजों ने जीत दर्ज कर अगले राउंड में अपनी जगह बनाई।
पुरुष वर्ग के 47 से 50 किलोग्राम भार वर्ग में बागेश्वर के सूरज सिंह ने अल्मोड़ा के चंचल सिंह को हराया। 50 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में बागेश्वर के दीपक नेगी ने अल्मोड़ा के विजय कुमार को तथा रुद्रप्रयाग के पवन कुमार ने पौड़ी के अंशुल शुक्ला को पराजित किया। 55 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में पौड़ी के साहिल ने रुद्रप्रयाग के हरप्रीत को, पिथौरागढ़ के विश्वास मेहरा ने अल्मोड़ा के सौरभ कुमार को तथा ऊधम सिंह नगर के विशाल ने नैनीताल के सौरभ किशोर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला वर्ग के मुकाबलों में 45 से 48 किलोग्राम भार वर्ग में देहरादून की निवेदिता ने अल्मोड़ा की लक्ष्मी को शिकस्त दी। 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में बागेश्वर की हिमानी ने ऊधम सिंह नगर की खुशी को हराया। 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में पिथौरागढ़ की चांदनी ने देहरादून की सांची को तथा 60 से 65 किलोग्राम भार वर्ग में पिथौरागढ़ की दीपा ने देहरादून की युक्ति को पराजित किया।
प्रतियोगिता के दौरान उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, नीता सक्सेना, उत्तराखंड राज्य बॉक्सिंग एसोसिएशन के महामंत्री गोपाल खोलिया, मुकर्जी निर्वाण, विनोद तिवारी, दलविंदर सिंह, मनोज सिंह, विनीता नेगी, अमित पोखरिया, वीएल चोमवाल और घनश्याम श्यामपुरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











