2027 चुनाव का बिगुल: रुद्रपुर में सपा ने कसी कमर, 7 जोन-35 सेक्टर का चुनावी ब्लूप्रिंट तैयार, कानून व्यवस्था और जलभराव पर सरकार को घेरा

खबरें शेयर करें -

2027 चुनाव का बिगुल: रुद्रपुर में सपा ने कसी कमर, 7 जोन-35 सेक्टर का चुनावी ब्लूप्रिंट तैयार, कानून व्यवस्था और जलभराव पर सरकार को घेरा
रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने रुद्रपुर में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र को 7 जोन और 35 सेक्टरों में विभाजित करते हुए प्रभारियों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद यादव ने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए राम सिंह सागर, मजहर रिजवी, विनोद गौड़, तेजपाल यादव, जितेंद्र यादव, पूर्व पार्षद नित्यानंद अग्रवाल और इमरान अंसारी को जोन प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सभी बूथों पर बूथ प्रभारियों की घोषणा कर संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
बैठक के दौरान अरविंद यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने किच्छा में 13 वर्षीय बच्ची के साथ हुई घटना और अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
स्थानीय समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने रुद्रपुर में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि हल्की बारिश में ही शहर की अधिकांश सड़कें जलमग्न हो जाती हैं और आम लोगों का जीवन प्रभावित होता है। उनका आरोप था कि शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय स्थानीय जनप्रतिनिधि केवल श्रेय लेने की राजनीति में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि केवल सड़कों और चौराहों के नाम बदलने से विकास नहीं होगा। जनता को बेहतर सड़कें, जल निकासी, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं चाहिए। उन्होंने भाजपा के जनप्रतिनिधियों से आपसी मतभेद छोड़कर जनता की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की और दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता इस मुद्दे पर अपना फैसला सुनाएगी।
बैठक के अंत में पार्टी के नवनियुक्त जोन प्रभारियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का संकल्प लिया।