ठिठुरती रातों में चोरों का आतंक, ट्रांजिट कैंप में तीन जगह सेंधमारी, लाखों के गहने-नकदी उड़ाए।

खबरें शेयर करें -

*ठिठुरती रातों में चोरों का आतंक, ट्रांजिट कैंप में तीन जगह सेंधमारी, लाखों के गहने-नकदी उड़ाए।*  गंगापुर में ख्याली राम अपने घर में चोरों के द्वारा किया गया तांडव दिखाते हुए।


महेंद्र पाल मौर्य, “समाचार इंडिया 1”                              रुद्रपुर।

पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में बढ़ी कड़ाके की ठंड अब आम जनता के लिए दोहरी मार बनती जा रही है। एक ओर ठिठुरन, दूसरी ओर चोरों का बढ़ता दुस्साहस। बीती रात ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गंगापुर,आनंद विहार, श्मशान घाट रोड आज़ाद नगर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक जनसेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए चोरों ने सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में हुई इन घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस के लिए यह मामला सिरदर्द बन गया है।

गंगापुर स्थित इंडियन वाटिका फेस-2 में रहने वाले ख्यालीराम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से गहने बनवाकर रखे थे। हाल ही में 1 जनवरी को नए घर में गृह प्रवेश किया था और सपना था कि बेटी की शादी नए घर से धूमधाम से करेंगे, लेकिन चोरों ने उस सपने पर अंधेरा डाल दिया। चोरी के बाद से उनकी पत्नी गहरे सदमे में हैं और परिवार पूरी तरह टूट सा गया है।

आनंद विहार में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर सन्नी जौहरी ने बताया कि वे परिवार सहित खाटू श्याम के दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने रोशनदान के रास्ते घर में घुसकर अलमारी खंगाल दी और सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

इतना ही नहीं, ट्रांजिट कैंप श्मशान भूमि रोड पर स्थित एक जनसेवा केंद्र को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। यहां से भी चोरी कर आरोपी आराम से निकल गए। पीड़ितों द्वारा सभी घटनाओं की तहरीर ट्रांजिट कैंप थाने में दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन एसपी सिटी का कहना है कि फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, हालांकि जल्द खुलासे का दावा किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले पुलभट्टा थाना क्षेत्र के बरा चौकी अंतर्गत ग्राम बरी में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवकुमार के घर हुई चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में गुस्सा और भय दोनों बढ़ता जा रहा है।

ठंड के इस मौसम में मेहनत-मजदूरी कर अपनी गाढ़ी कमाई से घर के लिए जेवर और थोड़ी बचत जमा करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। चोरी के बाद न सिर्फ आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि घर की महिलाओं और बुजुर्गों को गहरा मानसिक आघात भी झेलना पड़ता है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस इन चोरी की घटनाओं का समय रहते खुलासा कर पाएगी और रात की गश्त व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगी, या फिर इसी तरह चोर पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए आम जनता की गाढ़ी कमाई पर हाथ फेरते रहेंगे। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की जनता जवाब का इंतजार कर रही है।