ऐक्टू जिला सम्मेलन के बाद नई कार्यकारिणी गठित, दिनेश तिवारी पुनः जिलाध्यक्ष व अनिता अन्ना बनी जिला सचिव।
रुद्रपुर, 12 जनवरी 2026।
गल्ला मंडी रुद्रपुर में आयोजित ट्रेड यूनियन ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन (ऐक्टू) के जिला सम्मेलन में चुनी गई 25 सदस्यीय जिला काउंसिल की देर शाम बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से दिनेश तिवारी को पुनः जिलाध्यक्ष तथा अनिता अन्ना को जिला सचिव चुना गया।
बैठक में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें चार जिला उपाध्यक्ष के रूप में प्रकाश नेगी, ममता पानू, मोहन बिष्ट और हीरा राठौर को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शरमीन सिद्दीकी और सुधा शर्मा को उपसचिव तथा उत्तम दास को कोषाध्यक्ष चुना गया।
जिलाध्यक्ष चुने जाने के बाद बैठक को संबोधित करते हुए दिनेश तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में मजदूर वर्ग के सामने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम संहिता (लेबर कोड) सबसे बड़ी चुनौती बनकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन श्रम कानूनों के जरिए मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है और यदि इन्हें वापस नहीं लिया गया तो श्रमिक वर्ग को पूंजीपतियों का गुलाम बनकर रहना पड़ेगा। उन्होंने सभी मजदूर संगठनों से एकजुट होकर बड़े संघर्ष की तैयारी करने का आह्वान किया।
दिनेश तिवारी ने बताया कि 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों द्वारा आहुत राष्ट्रीय हड़ताल इसी संघर्ष का अहम हिस्सा है, जिसे ऐक्टू पूरी मजबूती से सफल बनाएगा। बैठक में मौजूद सभी काउंसिल सदस्यों ने एक स्वर में 12 फरवरी की राष्ट्रीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया है।
