तमंचे की नोक पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, एक शातिर लुटेरा गिरफ्तार, अवैध हथियार व लूट का माल बरामद।

खबरें शेयर करें -

तमंचे की नोक पर हुई लूट का पुलिस ने किया खुलासा, एक शातिर लुटेरा गिरफ्तार, अवैध हथियार व लूट का माल बरामद


रुद्रपुर -पुलिस थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को अवैध तमंचे और लूट के माल सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना 21 और 22 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि की है, जब ग्राम बरा निवासी नरेश कुमार के घर में तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे की नोक पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर के सदस्यों को आतंकित करते हुए 87 हजार रुपये नगद, कीमती ज्वैलरी और दो मोबाइल फोन लूट लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलभट्टा में मुकदमा संख्या 11/2026 धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इसी दौरान ग्राम बरी निवासी शिव कुमार पाल उर्फ प्रसव कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना पुलभट्टा में मुकदमा संख्या 12/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के निर्देशन में थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब तथा उत्तर प्रदेश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और 29 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त इस्लाम पुत्र अहमद हुसैन निवासी ग्राम लोहार नगला थाना फतेहगंज पश्चिमी जनपद बरेली को भोजीपुरा क्षेत्र स्थित अभयपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के कब्जे से अवैध 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूट की रकम के 26,500 रुपये, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई अबरार पुत्र अहमद हुसैन और साथी शकील पुत्र हसीन मियां के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। तीनों ने मिलकर ग्राम बरा में वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद ग्राम बरी पहुंचकर वहां से HF डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK06BB-0874 चोरी कर ली। अभियुक्त ने बताया कि लूट के बाद उसके हिस्से में 25 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन आया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है, जबकि शेष नगदी, ज्वैलरी और चोरी की मोटरसाइकिल उसके फरार साथियों के पास है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 11/2026 में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की है, वहीं मुकदमा संख्या 12/2026 को धारा 305 बीएनएस में तरमीम किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है, जबकि फरार अभियुक्तों अबरार और शकील की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम में थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर, पंतनगर एवं एसओजी के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।