“70 हजार महीना दो, कार्रवाई से बचो!” — डंपर वसूली कांड में भाजपा नेता विकास सागर पर मुकदमा, 28 दिन बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

खबरें शेयर करें -
  • “70 हजार महीना दो, कार्रवाई से बचो!” — डंपर वसूली कांड में भाजपा नेता विकास सागर पर मुकदमा, 28 दिन बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रुद्रपुर में चर्चित डंपर वसूली कांड ने आखिरकार बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। लंबे समय से सुर्खियों में बने इस मामले में भाजपा नेता विकास सागर के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। करीब 28 दिनों तक चली जांच के बाद एसएसपी आईपीएस अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मामले की शुरुआत उस समय हुई थी जब राम सिंह नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि विकास सागर डंपर संचालकों और वाहन स्वामियों से कथित तौर पर प्रतिमाह 70 हजार रुपये की वसूली कर रहा था। आरोपों के अनुसार वाहन चालकों और मालिकों को भरोसा दिलाया जाता था कि यदि नियमित रूप से रकम दी जाएगी तो ओवरलोडिंग समेत अन्य मामलों में उनके वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी और उन्हें संरक्षण दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस ने ओवरलोडिंग में चल रहे एक डंपर को सीज कर दिया। इसके बाद वाहन स्वामियों और संबंधित लोगों में नाराजगी फैल गई और कथित वसूली का पूरा मामला खुलकर सामने आने लगा। धीरे-धीरे यह मामला शहर में चर्चा का बड़ा विषय बन गया और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी इस मुद्दे को लेकर खुलकर मोर्चा संभाला था। उन्होंने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह धरना और उपवास आंदोलन शुरू करेंगे। इसके बाद यह मामला और अधिक तूल पकड़ गया था।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मामले में कई स्तरों पर जांच की। कथित वसूली नेटवर्क, डंपर संचालन और अन्य संबंधित पहलुओं को खंगालने के बाद आखिरकार विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।