विक्रांत हत्याकांड: मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद; पहले भी जा चुका है जेल

खबरें शेयर करें -

विक्रांत हत्याकांड: मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद; पहले भी जा चुका है जेल
किच्छा/रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के चर्चित विक्रांत हत्याकांड में किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी जोड़ दी है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को रुद्रपुर के हरिमंदिर गली, मेन बाजार निवासी श्रीमती कंचन, पत्नी विकास ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में एफआईआर संख्या 228/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में बंटी ठाकुर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और लगातार सुरागरसी कर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर (27 वर्ष) चीमा अस्पताल, रुद्रपुर में उपचाराधीन था। 2 जुलाई 2026 को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर विक्रांत की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बताया कि बंटी ठाकुर का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। इस हत्याकांड में अब तक मुख्य आरोपी सहित कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रभावी पैरवी की तैयारी कर रही है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल राकेश काण्डपाल तथा कांस्टेबल त्रिलोक सिंह शामिल रहे।