

रुद्रपुर में जनजातीय रंगों की धूम: प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने 51 पशु सखियों को मोबाइल, 24 लाख के अनुदान चेक वितरित किए; पाँच दिन में 5 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री।



रुद्रपुर, 18 फरवरी 2026
रुद्रपुर में आयोजित सरस आजीविका मेला (यू.एस. नगर कार्निवाल) के पंचम दिवस पर जनजातीय सांस्कृतिक संध्या ने पूरे आयोजन स्थल को उत्साह, उमंग और परंपरागत रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम से पूर्व हिमनाद बैंड की जोशीली प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत 51 पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किए। साथ ही विकासखंड रुद्रपुर के प्रतिभा सीएलएफ बंडिया, रुद्रा सीएलएफ नारायणपुर, आजाद सीएलएफ बरा एवं नारी शक्ति सीएलएफ बिगवाड़ा को 6-6 लाख रुपये की अनुदान राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए गए प्रभावी एवं जनहितकारी कानून राज्य को सुरक्षित, संगठित और विकासोन्मुख बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि धामी सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की है, जो राज्य में सुशासन और रोजगार सृजन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रभारी मंत्री ने यह भी बताया कि 14 फरवरी से प्रारंभ हुए इस मेले में मात्र पाँच दिनों के भीतर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा 5 करोड़ रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री की जा चुकी है। यह उपलब्धि न केवल मेले की सफलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार के प्रयास जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं।
इस अवसर पर मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे प्रसिद्ध लोक कलाकार राकेश खनवाल, जिनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा। उनके लोकप्रिय गीतों पर उपस्थित जनसमूह झूमता नजर आया और पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास से गूंज उठा।
यह मेला न केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का सशक्त मंच बन रहा है, बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनकर उभर रहा है। पंचम दिवस की यह जनजातीय संध्या मेले की सफलता को नई ऊंचाइयों तक ले गई और उपस्थित दर्शकों के लिए यादगार क्षण छोड़ गई।
कार्यक्रम में मेयर विकास शर्मा, एसटी आयोग की अध्यक्ष लीलावती राणा, विवेक सक्सेना, अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, पीडी हिमांशु जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, तहसीलदार दिनेश कुटौला, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
