विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, योजनाओं के समयबद्ध व पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश।

खबरें शेयर करें -
  • विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, योजनाओं के समयबद्ध व पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश

रूद्रपुर, 03 जनवरी 2026

मुख्य विकास अधिकारी श्री दिवेश शाशनी ने विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों के साथ विस्तृत रूप से की। समीक्षा के दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि माननीय विधायक एवं माननीय सांसद स्तर से योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित कार्यदायी संस्था से निर्धारित अवधि में आगणन तैयार कराते हुए सभी औपचारिकताएँ पूर्ण कर समय से कार्य प्रारंभ कराया जाए।

उन्होंने एमबीएडीपी एवं मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के अंतर्गत स्थापित इकाइयों में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए मशीनों की स्थापना एवं संचालन प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का मौके पर निरीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही समस्त प्रस्तावित योजनाओं में भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत बाजपुर के 14 तथा गदरपुर के 06 अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए तृतीय किस्त के प्रस्ताव जनपद मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वे 2.0 में पात्रता का परीक्षण करते हुए अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया निर्धारित तिथि तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने मनरेगा (वीबी-जी राम जी) योजना के अंतर्गत श्रमिक–सामग्री अनुपात 60:40 बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अमृत सरोवरों पर आजीविका गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी सूचना जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आरएफ एवं सीआईएफ वितरण, लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को लाभान्वित करने तथा आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम स्तर से जनपद स्तर तक कार्य निष्पादन में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।