गदरपुर में बुक्सा जनजाति के महापुरुष राजा जगतदेव जी की प्रतिमा का लोकार्पण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया अनावरण।

खबरें शेयर करें -

गदरपुर में बुक्सा जनजाति के महापुरुष राजा जगतदेव जी की प्रतिमा का लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से किया अनावरण
गदरपुर, 02 जनवरी 2025 (सू0वि0):
जिला विकास प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा विकास खण्ड गदरपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर (डलबाबा) में बुक्सा जनजाति समाज के श्रद्धेय महापुरुष राजा जगतदेव जी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।


24.78 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रतिमा 9 फीट ऊँची एवं 11 कुंतल वजनी अष्टधातु से बनी है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि राजा जगतदेव जी का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और सांस्कृतिक संरक्षण का प्रेरक उदाहरण है। यह अवसर केवल प्रतिमा अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं रोजगार के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है तथा राजा जगतदेव जी के जीवन पर शोध कार्य भी किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं—
ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श एवं शौचालय निर्माण।
ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किमी सड़क का पुनर्निर्माण।
ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किमी सड़क का पुनर्निर्माण।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद पाण्डे एवं प्रदेश मंत्री गुँजन सुखीजा ने कहा कि राजा जगतदेव जी बुक्सा समाज के स्वाभिमान, एकता और संघर्ष के प्रतीक हैं। उनके 765वें जन्मदिवस पर प्रतिमा की स्थापना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रतिमा की स्थापना मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जनसहयोग से संभव हुई है और राजा जगतदेव जी के कार्यों से समाज को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत रोशनपुर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें जनजातीय कलाकारों ने अपनी लोक संस्कृति का मनोहारी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही।