उत्तराखंड: अंकिता भंडारी मर्डर केस में फिर उबाल, रिजॉर्ट पर प्रदर्शन; पूर्व BJP विधायक सुरेश राठौर के घर पुलिस का नोटिस
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर राज्य में जनाक्रोश तेज हो गया है। रविवार को स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने उसी रिजॉर्ट पर जोरदार प्रदर्शन किया, जहां अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या की गई थी। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने साफ कहा कि जब तक सच्चाई पूरी तरह सामने नहीं आएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अंकिता भंडारी ने अपनी व्हाट्सएप चैट में जिस वीआईपी का जिक्र किया था, उसका नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है, जबकि यही कड़ी इस पूरे मामले की सच्चाई तक पहुंचा सकती है। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि जिस भाजपा विधायक ने रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलवाकर कथित तौर पर सबूत नष्ट कराए, उसके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो न्याय प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
इसी बीच मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब हरिद्वार पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के आवास पर नोटिस चिपकाया और उन्हें थाने में पेश होने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के बीच हुई कथित फोन बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है, जिसके वायरल होते ही मामला और गंभीर हो गया। इस कथित बातचीत में सुरेश राठौर द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम का नाम लिए जाने का दावा किया जा रहा है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि अंकिता की हत्या वाली रात वे रिजॉर्ट में मौजूद थे, हालांकि इस दावे की जांच की जा रही है।
कथित ऑडियो के आधार पर पुलिस ने सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। ऑडियो सामने आने के बाद से पूरे उत्तराखंड में लगातार विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक दलों और आम लोगों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों और विभिन्न संगठनों का कहना है कि इस मामले की निष्पक्षता तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब इसकी जांच सीबीआई को सौंपी जाए और हत्या की रात रिजॉर्ट में मौजूद सभी वीआईपी मेहमानों के नाम सार्वजनिक किए जाएं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सज़ा मिल सके।
