

रुद्रपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, जमीन विवाद में युवक की हत्या


प्रीत विहार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
रुद्रपुर।
शहर के प्रीत विहार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। जमीन विवाद के चलते खेत में जुताई के दौरान अज्ञात हमलावरों ने बेखौफ होकर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान कार्तिक, निवासी बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार्तिक रुद्रपुर घूमने आया था, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वह मजदूरी करने लगा था। बुधवार सुबह खेत में ट्रैक्टर से जुताई का काम चल रहा था, तभी अचानक हमलावर मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जमीन मालिक सिमरनजीत सिंह ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर पहले से तनाव चल रहा था, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामला हिंसक रूप ले लेगा। हमलावरों ने बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार दावे किए जा रहे हैं।
घायल कार्तिक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जबकि दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है।
घटना के बाद प्रीत विहार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवादों में खुलेआम हथियारों का इस्तेमाल यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रुद्रपुर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और पुलिस का खौफ जमीनी स्तर पर क्यों नजर नहीं आता।
