*स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में श्रद्धांजलि व विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।*
रुद्रपुर, 04 दिसम्बर, 2025 (सू0वि0)- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई क्षेत्र के संस्थापक पंडित राम सुमेर शुक्ल जी की 47वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने सबसे पहले स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की एवं उनके जीवन परिचय के शिलापट्ट का अनावरण किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने लालपुर-नगला मोटरमार्ग से अम्बेडकर कॉलोनी तक सड़क मार्ग के डामरीकरण, किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में उन्नत करने, पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आगामी सत्र से इंटरमीडिएट कक्षाओं का शुभारम्भ व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव में सेनानी भवन बनाए जाने की घोषणाएं कीं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल जी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। 1936 में लाहौर अधिवेशन में मात्र 21 वर्ष की आयु में मोहम्मद अली जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद के सिद्धांत का विरोध कर वे पूरे देश का ध्यान आकर्षित करने वाले देशभक्त नेता बन गए।
उन्होंने कानून की प्रैक्टिस छोड़कर गांधी जी के आदर्शों के अनुसार स्वतंत्रता आंदोलन को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाया। जेल और यातनाओं का सामना करने के बावजूद उनका उत्साह कभी कम नहीं हुआ और वे भारत छोड़ो आंदोलन में युवाओं को संगठित कर आंदोलन को नई दिशा दी।स्वतंत्रता के बाद भी पंडित राम सुमेर शुक्ल जी ने किसानों के कल्याण और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के लिए कार्य किया। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने तराई क्षेत्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रुद्रपुर का विकास पंडित जी की दूरदृष्टि और समर्पण का परिणाम है। उनके पुत्र एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला जी भी उनके पदचिन्हों पर चलते हुए तराई क्षेत्र के समग्र विकास के लिए काम कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सरकार द्वारा रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण, 590 करोड़ रुपए से बाईपास निर्माण, खटीमा-टनकपुर और गदरपुर-जसपुर के बीच चार लेन सड़क निर्माण, मानूनगर-गदरपुर-मटकोटा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, रुद्रपुर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण एवं दो रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण, मास्टर ड्रेनेज प्लान के साथ महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स का निर्माण और उत्तराखंड का पहला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट तथा एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।उन्होंने आगे बताया कि किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा, गदरपुर व खटीमा में बाईपास व बस अड्डों का निर्माण, रुद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय हॉल, साइकिलिंग व एथलेटिक्स ट्रैक समेत विभिन्न खेल सुविधाओं का निर्माण कार्य भी चल रहा है।प्रदेश में काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलैक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क, तथा खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना से क्षेत्र का विकास तेजी से हो रहा है। सरकार जमरानी बांध बहुईद्देशीय परियोजना के पुनः निर्माण के माध्यम से तराई क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई समस्याओं का समाधान करने में लगी है। गन्ना किसानों को 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी के साथ समर्थन मूल्य भी प्रदान किया गया है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लोगों को विश्वास दिलाया कि सरकार तराई क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों की समृद्धि के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी तथा पंडित राम सुमेर शुक्ल जी के स्वप्न को साकार करेगी।कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतरत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत जी के नेतृत्व में पंडित राम सुमेर शुक्ला ने तराई क्षेत्र के विकास का संपूर्ण निर्माण किया। उन्होंने एम्स, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, इंडस्ट्रियल स्मार्ट पार्क जैसी परियोजनाओं को आधार मानकर तराई क्षेत्र के सपनों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। राजेश शुक्ला ने कहा, “धामी है तो हामी है।” उन्होंने यह भी बताया कि धामी सरकार ने यूसीसी, कठोर नकल-विरोधी कानून जैसे बड़े कदम उठाकर प्रदेश को देश में एक उदाहरण बनाया है।कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्ज़ा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, खातिब मलिक, मंजीत सिंह, उत्तम दत्ता, मुकेश कुमार, गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष मिंटू गुम्बर, नगला के सचिन शुक्ला, दिनेशपुर नगर पंचायत अध्यक्ष मंजीत कौर, पंडित राम सुमेर शुक्ल मेमोरियल फाउंडेशन ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल, सीएमओ डॉ. के के अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।कार्यक्रम के पश्चात माननीय मुख्यमंत्री पं. पुष्कर सिंह धामी पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पहुँचे, जहां उन्होंने राजेश शुक्ला की माता से भेंट कर आशीर्वाद लिया एवं उनका धन्यवाद ग्रहण किया।
