*रम्पुरा की महिलाओं को बिजली कनेक्शन न मिलने पर विधायक शिव अरोरा हुए आग बबूला, एसडीओ को सुनाई खरी-खोटी*
रुद्रपुर। नजूल दानपात्र पर बसे 30 हजार परिवारों को बिजली कनेक्शन न मिलने का मुद्दा गरमाया हुआ है। विधायक शिव अरोरा ने एसडीओ अन्नू अरोरा को जमकर सुनाई खरी-खोटी और कहा कि मेरे रुद्रपुर के 30 हजार परिवार के लिए जिला अधिकारी के कार्यालय पर दरी बिछानी पड़ी तो पीछे नहीं हटेंगे।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दो दिन पूर्व जिला विकास प्राधिकरण में उनकी वार्ता हुई थी, जिसमें उन्हें आश्वासन दिया गया था कि नजूल दानपात्र पर बसे लोगों को मानचित्र स्वीकृत कराने की शर्त से मुक्त रखा जाएगा, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग रम्पुरा की महिलाओं को बिजली कनेक्शन देने से मना कर रहा है।
विधायक ने जिला अधिकारी नितिन भदौरिया से दूरभाष पर वार्ता की और सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बिना कोई पूर्व स्टडी किए ऐसे आदेश जारी करना ठीक नहीं है। विधायक ने चेतावनी दी कि इसका स्थायी समाधान नहीं निकलता तो जिला अधिकारी के कार्यालय के बाहर दरी बिछानी पड़ी तो वह अपनी रुद्रपुर की जनता के लिए यह भी करेंगे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सोमवार को 11.30 बजे जिला अधिकारी कार्यालय जाएंगे और विद्युत कनेक्शन की समस्या का समाधान हर कीमत पर निकालेंगे। इस दौरान राधेश शर्मा, राजेंद्र राठौर, धीरेश गुप्ता, राजकुमार साह, मनोज मदान, जीतेन्द्र संधू, पिंटू पाल, राज कोली, चन्द्रसेन चंदा, मयंक कक्कड़, विष्णु सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
