

अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की प्रगति सार्वजनिक हो: ममता रानी


रुद्रपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति और अब तक हुई प्रगति को सार्वजनिक करने की मांग को लेकर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद से कांग्रेस लगातार न्याय की मांग को लेकर संघर्ष करती आ रही है और पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर आंदोलन भी किए गए हैं।
ममता रानी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में जिन भाजपा नेताओं की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं, उनके नाम सीबीआई जांच में सामने नहीं लाए गए हैं। इससे यह आशंका पैदा होती है कि सरकार भाजपा से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिजनों ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सीबीआई द्वारा अब तक की गई जांच में सामने आए तथ्यों और प्रगति को जनता के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि लोगों को पता चल सके कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है।
ममता रानी ने मांग की कि मामले में जिन भी लोगों की भूमिका सामने आती है, उनके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की जाए और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को पूर्ण न्याय तभी मिल सकेगा, जब जांच बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
