गोरापड़ाव डकैती कांड का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी यश सिडाना समेत चार और गिरफ्तार

खबरें शेयर करें -

गोरापड़ाव डकैती कांड का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी यश सिडाना समेत चार और गिरफ्तार


हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने गोरापड़ाव में हुए डकैती कांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य साजिशकर्ता यश सिडाना निवासी किच्छा समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को गोरापड़ाव स्थित KIA शोरूम के पीछे जुआरी नारायण दास के कार्यालय में 10 से 12 बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर धावा बोला था। हथियारों के बल पर बदमाशों ने कार्यालय में मौजूद लोगों को भयभीत कर डकैती की वारदात को अंजाम दिया और मौके से नकदी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किच्छा निवासी यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था। इसके बाद उसने जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए अपने साथियों वंशप्रीत उर्फ पन्नू और रखबीर के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची। आरोपियों ने पहले गोरापड़ाव स्थित कार्यालय की रेकी की और इसके बाद अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य आरोपी यश सिडाना समेत चार और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह के नेटवर्क का खुलासा करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने डकैती में लूटी गई रकम के साथ तमंचा, पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।