PNB के 7189 अंशकालिक सफाई कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि, पूर्णकालिक हाउस कीपर-कम-ऑफिस असिस्टेंट का मिला दर्जा

खबरें शेयर करें -

PNB के 7189 अंशकालिक सफाई कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि, पूर्णकालिक हाउस कीपर-कम-ऑफिस असिस्टेंट का मिला दर्जा


हल्द्वानी। पंजाब नेशनल बैंक स्टाफ एसोसिएशन, उत्तराखंड की हल्द्वानी इकाई की ओर से 22 अगस्त 2026 को कुसुमखेड़ा चौराहा स्थित क्रेजी किचन रेस्टोरेंट के सभागार में अंशकालिक सफाई कर्मचारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में हल्द्वानी मंडल के अंशकालिक सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और उन्हें पूर्णकालिक हाउस कीपर-कम-ऑफिस असिस्टेंट का दर्जा मिलने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताई।

इस अवसर पर कर्मचारियों ने ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक एम्प्लॉयीज़ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड पी. आर. मेहता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्थन में नारे लगाए। कर्मचारियों का कहना था कि यह उपलब्धि केवल पद या दर्जे में बदलाव नहीं है, बल्कि वर्षों से अपने अधिकार और सम्मान की प्रतीक्षा कर रहे हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद है।

बैठक में PNB स्टाफ एसोसिएशन की हल्द्वानी इकाई के पदाधिकारियों ने पूर्णकालिक हाउस कीपर-कम-ऑफिस असिस्टेंट के संबंध में कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी और दिशा-निर्देश भी दिए। संगठन ने कहा कि कठिन दौर में भी अंशकालिक सफाई कर्मचारी संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे और उन्हें विश्वास था कि संघर्ष एवं एकजुटता के माध्यम से उनकी मांग को सफलता मिलेगी।

इस उपलब्धि को संगठनात्मक एकजुटता और लंबे संघर्ष की जीत बताते हुए कर्मचारियों ने कॉमरेड पी. आर. मेहता के चित्र पर मिठाई खिलाकर उनके प्रति धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में PNBSA उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड योगेश पंत, सहायक महासचिव कॉमरेड ललित तिवारी के अलावा कॉमरेड मयंक रैना, कॉमरेड सी.एस. लोहनी, कॉमरेड के.एस. रावत, कॉमरेड सुंदर सिंह, कॉमरेड विनोद प्रसाद, कॉमरेड संजय सिंह मेहरा, कॉमरेड हेमू जोशी और कॉमरेड भुवनेश पांडे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठन ने इस उपलब्धि को PNB के 7189 परिवारों के लिए नए सवेरे की शुरुआत बताते हुए कहा कि यह सम्मान, अधिकार और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।