काशीपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार किलो लहन नष्ट, 450 लीटर कच्ची शराब बरामद

खबरें शेयर करें -

काशीपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार किलो लहन नष्ट, 450 लीटर कच्ची शराब बरामद


काशीपुर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कच्ची शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। यह अभियान माननीय आबकारी आयुक्त उत्तराखंड के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त के निर्देशों के तहत संचालित किया गया।

आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र-03 काशीपुर, रुद्रपुर एवं क्षेत्रीय प्रवर्तन इकाइयों के साथ मिलकर काशीपुर के संदिग्ध क्षेत्र रमपुरा में सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध कच्ची शराब के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लगभग 25,000 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

छापेमारी के दौरान 450 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई। आबकारी विभाग ने इस मामले में कुल सात अभियोग पंजीकृत किए हैं। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और जनहित में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना🥰 है।