

27 सूत्रीय मांगों पर सरकार की अनदेखी के खिलाफ उधम सिंह नगर में डिप्लोमा इंजीनियर्स का जनपद स्तरीय धरना।


“समाचार इंडिया 1” रुद्रपुर -उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा अपनी लंबित 27 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर घोषित संघर्ष कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत 10 फरवरी 2026 को जनपद उधम सिंह नगर में एक दिवसीय जनपद स्तरीय बैठक एवं धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिंचाई खंड, रुद्रपुर परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें महासंघ के जनपद पदाधिकारी, विभिन्न घटक संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर्स उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महासंघ द्वारा लंबे समय से अपनी न्यायोचित और व्यावहारिक मांगों के संबंध में शासन एवं सरकार को निरंतर अवगत कराया जा रहा है। इसके बावजूद, विभिन्न स्तरों पर आश्वासन दिए जाने और संघर्ष कार्यक्रम प्रारम्भ हो जाने के बाद भी अब तक किसी भी प्रकार की ठोस, सकारात्मक और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। शासन की इस उदासीनता के कारण डिप्लोमा इंजीनियर्स के बीच गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सकारात्मक रुख अपनाए जाने के संकेत मिलने के बावजूद शासन स्तर पर किसी प्रकार की पहल न किया जाना शासन की हठधर्मिता को दर्शाता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि डिप्लोमा इंजीनियर्स की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जिसके कारण कर्मचारियों में स्वयं को उपेक्षित महसूस करने की भावना लगातार प्रबल हो रही है।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प व्यक्त किया कि आंदोलन को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाया जाएगा और जनपद स्तर से तन-मन-धन से संघर्ष किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा आगामी चरण में हड़ताल अथवा कार्यबहिष्कार जैसे कठोर आंदोलनात्मक कार्यक्रम घोषित किए जाते हैं, तो जनपद के समस्त डिप्लोमा इंजीनियर्स द्वारा संचालित विकास कार्य पूर्ण रूप से ठप कर दिए जाएंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं सरकार की होगी।
इस जनपद स्तरीय बैठक की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष इं० ज्योति रावत द्वारा की गई, जबकि संचालन इंजीनियर मनमोहन सिंह ऐरी ने किया। बैठक में इं० आर०एस० मेहरा, इं० हरीश बसेड़ा, श्री भरत सिंह डांगी, इं० विनोद सनवाल, श्री आनंद सिंह नेगी, इं० भुवन जोशी, इं० सुभाष भट्ट, इं० अजेन्द्र जोशी, इं० विजयपाल सिंह, इं० केशव सिंह, इं० सत्यपाल सिंह, इं० यशपाल सिंह, इं० योगेश ततराड़ी, इं० गोविन्द भट्ट, इं० शलाखा पन्त, इं० प्रियंका पुंडीर, श्रीमती रीना सिंह, इं० पूजा मेहता, इं० गीता गंगवार, इं० नरेन्द्र सिंह सहित अन्य समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
