

दो कुत्तों की लड़ाई में खूनी बवाल, एएसआई और बेटा गंभीर घायल, 11 लोगों पर मुकदमा
देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दो कुत्तों के बीच हुई लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट में एक एएसआई और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चमोली जिले में तैनात एएसआई नवीन भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई कि 2 जुलाई को वह अपने पोते के मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए 6 नंबर पुलिया स्थित आदर्श कॉलोनी आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर कार की ओर जा रहे थे, तभी धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट का पिटबुल नस्ल का कुत्ता अचानक घर से बाहर निकल आया और उनके कुत्ते पर हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, किसी तरह उन्होंने अपने कुत्ते को बचाया। इस दौरान उनके बेटे ने कुत्ते को बांधकर रखने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर बाहर आए और अपने परिजनों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
हमले में एएसआई नवीन भारद्वाज के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके बेटे पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी उनके परिवार के साथ मारपीट की।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि एएसआई की तहरीर के आधार पर धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, उनके बेटे अंकित, बंटी, अंजलि, भाई महेंद्र भट्ट, पत्नी सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



